ओबामा रहें या न रहें, पर नस्लभेद तो रहेगा !
टोरंटो, 10 जनवरी (आईएएनएस)। बराक ओमाबा के अमेरिकी राष्ट्रपति बन जाने के बाद क्या नस्लभेद खत्म हो जाएगा? कनाडा में हुए ताजातरीन अध्ययन में कहा गया है कि ओबामा के राष्ट्रपति बनने से नस्लभेद कतई खत्म नहीं होने वाला है।
यह अध्ययन टोरंटो स्थित यॉर्क विश्वविद्यालय में किया गया है। इसके मुताबिक लोग नस्लीय कहलाने से भले ही नफरत करें लेकिन वे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में नस्लभेद से जुड़ी हरकतें करते रहते हैं।
यॉर्क विश्वविद्यालय में मनोविज्ञान के प्रोफेसर केरी कावाकामी का कहना है, "लोग मानते हैं कि नस्लभेदी हरकतों से वे परेशान हो जाते हैं और कड़े कदम उठाने की बात करते हैं। परंतु हमने पाया कि जब लोग किसी भी रूप में नस्लभेद का शिकार होते हैं तो उनकी प्रतिक्रिया बेहद सहज होती है।"
अध्ययन के दौरान पाया गया कि कई मौकों पर गोरे छात्र अश्वेत छात्रों पर नस्लभेदी फब्तियां कसते हैं। हालांकि 63 प्रतिशत गोरे छात्र अश्वेत को अपना साथी बनाने के लिए बेहिचक तैयार पाए गए।
कावाकामी ने कहा कि उनके अध्ययन से ऐसे मौके पर ज्यादातर अमेरिकी हैरान होंगे जब 20 जनवरी को ओबामा पहले अश्वेत अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications