प्रवासी समुदाय सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता का पैरोकार
फकीर हसन
चेन्नई, 10 जनवरी(आईएएनएस)। भारत को संयुक्त राष्ट्र
सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता दिए जाने की वकालत करने वाले देशों में मारीशस भी शामिल होने जा रहा है। ग्लोबल आर्गनाइजेशन फॉर पीपुल ऑफ इंडियन ऑरिजन (गोपियो) की मारीशस इकाई के प्रमुख महेंद्र उत्चानाह ने भारत के पक्ष में इसकी वकालत की।
अफ्रीका महादेश में भारतीयों की चुनौतियों पर केंद्रित एक व्याख्यान सत्र में उन्होंने कहा कि भारत के बढ़ते प्रभाव के मद्देनजर उसे सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यता दिए जाने की जरूरत है। इस सत्र का आयोजन प्रवासी भारतीय दिवस समारोह के आखिरी दिन किया गया।
उनके इस सुझाव पर खूब तालियां बजीं कि भारत उन देशों में ज्ञान केंद्रों की स्थापना करे जहां भारतीय मूल के लोगों की बड़ी संख्या है। इससे इस समुदाय के ज्ञान संसाधन का उपयुक्त इस्तेमाल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने भारतीय मूल के लोगों के लिए भारतीय तीर्थस्थलों की यात्रा को आसान और सस्ता बनाने के लिए 'तीर्थ पर्यटन' पैकेज तैयार किए जाने की मांग की। उनके इस सुझाव पर भी प्रतिनिधियों ने खूब तालियां बजाईं।
गोपियो प्रमुख ने अगले प्रवासी दिवस सम्मेलन का आयोजन किसी अफ्रीकी देश में करने का सुझाव रखा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।