चाड में ट्रैक्टर चला रहे हैं भारतीय
फकीर हसन
चेन्नई, 10 जनवरी(आईएएनएस)। पगड़ीधारी सिखों को पश्चिमी अफ्रीकी देश चाड में खेतों में ट्रैक्टर चलाते देखा जा सकता है। इसका जिक्र करते हुए चाड में भारत के मानद वाणिज्य महादूत रवि कुमार ने चाड के कृषि उद्योग में भारतीयों की भूमिका बढ़ाए जाने पर जोर दिया।
रवि कुमार शुक्रवार को भारतीय दिवस समारोह के आखिरी दिन आयोजित एक व्याख्यान सत्र में बोल रहे थे। उन्होंने एक सवाल के उत्तर में कहा कि चाड में कुशल भारतीय किसानों के लिए कृषि क्षेत्र में भरपूर संभावनाएं है।
रवि कुमार ने कहा कि अफ्रीका में कई ऐसे इलाके हैं जहां आबादी कम है। वहां भारतीय किसानों के लिए काम की काफी गुंजाइश है। उन्होंने कहा, "हमारे किसान वांछित परिणाम नहीं निकलने के कारण आत्महत्या कर रहे हैं। ऐसे में भारतीय किसान अफ्रीकी देशों में अपनी कुशलता का परिचय देकर अच्छी कमाई कर सकते हैं। इससे अफ्रीकी देशों में कृषि क्षेत्र का उपयुक्त विकास हो पाएगा।"
इस मौके पर कई वक्ताओं ने अफ्रीका का भाषायी आधार पर वर्गीकरण किए जाने की जरूरत पर बल दिया ताकि भारतीय किसान किसी क्षेत्र की भाषायी पृष्ठभूमि के आधार पर वहां काम करने का फैसला कर सकें।
रवि कुमार ने फिजी में अंग्रेजी के साथ-साथ हिंदी पढ़ाए जाने पर भी जोर दिया। प्रतिष्ठित अखबार हिंदू के मुख्य संपादक एऩ राम ने उत्कृष्ट साहित्यिक और भाषायी संस्थाओं के संरक्षण पर जोर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications