श्रीलंका में बारूदी सुरंग विस्फोट में 7 मरे (लीड-1)
कोलंबो, 9 जनवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका के पूर्वी हिस्से में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के संदिग्ध विद्रोहियों द्वारा शुक्रवार सुबह किए गए बारुदी सुंरग विस्फोट में वायुसेना के तीन जवानों और चार नागरिकों समेत सात लोग मारे गए। यह जानकारी रक्षा अधिकारियों ने दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार सेना के प्रवक्ता उदय नानायक्कारा ने बताया कि त्रिंकोमाली जिले के मोरावेवा में एक बस के सुबह 9.30 बजे एक बारूदी सुरंग की चपेट में आने से सात लोग मारे गए थे। उन्होंने बताया कि विस्फोट में वायुसेना के दो जवानों और चार नागरिकों समेत छह लोग घायल भी हो गए।
उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर इन हमलों को तमिल विद्रोहियों ने अंजाम दिया है। श्रीलंकाई सेना और विद्रोहियों के बीच इस समय देश के उत्तरी हिस्सों में भीषण लड़ाई जारी है। लिट्टे के कई महत्वपूर्ण इलाकों पर काबू कर चुकी सेना को इसका लाभ मिल रहा है।
श्रीलंका में जारी जातीय संघर्ष में अब तक 70,000 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications