हसीना के मंत्रिमंडल में महिलाएं शामिल
ढाका, 7 जनवरी: बांग्लादेश में नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा कर दिया है। इसमें नए चेहरों को प्राथमिकता दी गई है और विदेश मंत्रालय तथा गृह मंत्रालय महिलाओं को सौंपे गए हैं।
हसीना ने कल रात मंत्रिमंडल के 23 सदस्यों को विभागों का बंटवारा किया। दीपू मोनी को विदेश मंत्रालय और अधिवक्ता सहरा खातून को गृह मंत्रालय सौंपा गया है।
मोनी पूर्व कार्यकर्ता मोहम्मद अब्दुल वादुद की बेटी हैं। वादुद शेख हसीना के पिता और बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के करीब समझे जाते थे।
मोनी सुप्रीम कोर्ट में वकील हैं और अवामी लीग में केंद्रीय महिला मामलों की सचिव भी हैं।
अर्थशास्त्री अबुमल अब्दुल मुहित को नया वित्त मंत्री बनाया गया है।
मंत्रिमंडल में केवल पांच सदस्य ऐसे हैं जो पूर्ववर्ती सरकार में मंत्री थे।
मुहित के अलावा बेगम मोतिया चौधरी को कृषि मंत्री, सैयद अशरफुल इस्लाम को स्थानीय सरकार ग्रामीण विकास एवं सहकारिता मंत्री, सैयद अबुल हुसैन को संचार मंत्री और ए के खोंदकार को योजना मंत्री बनाया गया है। यह लोग पहले भी मंत्री थे।
प्रधानमंत्री ने रक्षा ऊर्जा धार्मिक मामलों, महिला एवं बाल विकास सहित कुछ मंत्रालय अपने पास रखे हैं।


Click it and Unblock the Notifications