पुंछ मुठभेड़: आतंकी ठिकानों के करीब सेना

पिछले आठ दिन से चल रही इस मुठभेड़ को सेना अब आखिरी अंजाम देने के प्रयास में जुट गई है। आतंकियों की ओर से जारी गोलीबारी का जवाब दे रहे सेना के जवान लगातार मोर्चे पर डटे हुए हैं। सेना के अधिकारियों के मुताबिक आतंकियों को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए बुधवार दोपहर तक एक बड़ा हमला किया जाएगा।
अभी तक की मुठभेड़ को देखते हुए यह माना जा रहा है कि घने जंगलों में पक्के बंकरों की आड़ में आतंकवादी छिपे हैं। इन आतंकियों को कोहरे और खराब मौसम का सहारा मिल रहा है, सेना के जवान चारों ओर से घेराबंदी किये हुए हैं।
इस मुठभेड़ में सेना ने कई बंकरों को भी नष्ट कर दिया है। बंकरों से मेंढर की दुकानों के मिठाई के डिब्बे, दवाइयां, धार्मिक किताबें, राशन, गैस सिलेंडर, रेडियो सेट, मोबाइल फोन बैटरी, नक्शे, गर्म कपड़े और दूसरे जरूरी सामान मिले हैं।
सेना का मानना है कि जंगल में जैश-ए-मुहम्मद, अल बदर और लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर हो सकते हैं। माना जा रहा है कि घाटी और आसपास के इलाकों में सक्रिय आतंकियों को यहीं से आतंक बरपाने के निर्देश दिए जाते थे।
अब तक जैश के एरिया कमांडर अब्दुल गुल समेत चार आतंकी मारे जा चुके हैं। साथ ही सेना के तीन जवान शहीद हुए हैं।


Click it and Unblock the Notifications