उप्र: मंत्री ने गांधी को माफिया कहा

इस बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के मंत्री अवध पाल सिंह ने राष्ट्रपिता माहात्मा गांधी समेत कई स्वतंत्रता सेनानियों को माफिया कहा है।
प्रदेश के पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री अवध पाल सिंह ने एक निजी टीवी चैनल को दिये गये एक साक्षात्कार में कहा, 'चार मुकदमों के आधार पर यदि कोई माफिया होता है तो महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, जवाहर लाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री और चौधरी चरण सिंह सबसे बड़े माफिया थे।'
एटा के अलीगंज क्षेत्र से विधायक अवध पाल सिंह ने यह बात माफिया डीपी यादव के बचाव में दिये गये एक बयान में कही। उन्होंने कहा, 'मैं डीपी यादव को वो तबसे जानते हैं, जबसे वो दूध का काम करते थे। डीपी यादव बहादुर हैं, माफिया नहीं।'
सपा-कांग्रेस ने मोर्चा खोला
अवध पाल सिंह के इस बयान के बाद प्रदेश के प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने बसपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
सपा सुप्रीमा मुलायम सिंह यादव ने मंत्री के बयान पर मुख्यमंत्री मायावती से जवाब मांगा है। वहीं कांग्रेस के प्रवक्ता अखिलेश प्रताप ने कहा है कि मायावती इसका जवाब दें नहीं तो कांग्रेस की ओर से अवध पाल सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications