पटना में इस मौसम का सबसे ठंडा दिन
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले एक-दो दिनों में ठंड में कमी के आसार तो नहीं हैं, परंतु दिन में कोहरा नहीं होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के प्रभारी निदेशक एस़ आई़ लश्कर ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि पटना का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। उन्होंने बताया कि राजधानी का अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावे गया का न्यूनतम तापमान 6.9 तथा पूर्णिया का 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, पिछले चार दिनों से कोहरे के कारण परेशान लोगों को आज खिली धूप ने थोड़ी राहत दी। कोहरा नहीं रहने के कारण दानापुर तथा पटना रेलवे स्टेशनों से खुलने वाली 35 ट्रेनों में से तीन ट्रेनों को छोड़कर सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय से खुली।
हालांकि, दानापुर रेल मंडल के सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रंजीत सिंह यह भी मानते हैं कि इस रूट से गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनें अब भी अपने निर्धारित समय से देर से चल रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications