पुंछ में मुठभेड़ पांचवें दिन भी जारी

खुफिया तंत्र से आतंकवादियों की घुसपैठ की जानकारी मिलने पर सेना के जवानों ने गुरुवार सुबह पुंछ के जंगलों पर धावा बोल दिया। घने जंगल में कम से कम एक दर्जन आतंकवादियों के छिपे होने की आशंका है।
सेना ने यहां के मेंधर इलाके में स्थित पाती तार पहाड़ी पर आतंकवादियों के छिपे होने का सुराग मिलने पर घेराबंदी की। गुरुवार से अबतक गोलीबारी जारी है।
सूचना मिली थी कि इस इलाके में आतंकवादी संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के कुछ शीर्ष कमांडर छिपे हुए हैं।
सेना की उत्तरी कमान के प्रवक्ता कर्नल डीके कचारी के मुताबिक सुरक्षा बलों की कार्रवाई में चार आतंकवादी मारे गए हैं लेकिन उनके शव बरामद नहीं किए जा सके। उन्होंने बताया कि सेना के जवानों ने वे शव देखे थे।
लगातार चल रही गोलीबारी के दौरान आतंकवाद निरोधक कार्रवाइयों में पुलिस को सहयोग देने वाले विशेष पुलिस अधिकारी नरेश कुमार भी शहीद हो गए। सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं और परिस्थितियों पर नजर रख रहे हैं।
एक अधिकारी के मुताबिक आतंकवादियों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। वे विभिन्न स्थानों से फायरिंग कर रहे हैं। या तो वे अपनी पोजीशन बदल रहे हैं या फिर वे कई समूहों में बंट गए हैं।
आतंकवादियों के पास उन्नत और काफी संख्या में हथियार हैं। यह अभियान कितना लंबा चलेगा यह भी अभी स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता।


Click it and Unblock the Notifications