कोई नंगे पांव तो कोई साफे में पहुंचा विधानसभा
भोपाल, 5 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश की 13वंीं विधानसभा के प्रथम सत्र के पहले दिन का नजारा निराला ही था। कोई विधायक नंगे पांव पहुंचा तो कोई साफा बांधे था। इतना ही नहीं सूट टाई में पहुंचे युवा विधायक हर किसी का ध्यान खींच रहे थे।
पहले दिन विधानसभा पहुंचे सदस्यों ने सदन में अपने-अपने तरह से दाखिला लिया। कुछ तो ऐसे थे जिन्होंने विधानसभा भवन की सीढ़ियों पर मत्था टेककर अंदर प्रवेश किया। विधानसभा परिसर के अंदर सहकारिता मंत्री गौरी शंकर बिसेन सभी के आकर्षण का केन्द्र रहे, क्योंकि वे गुलाबी रंग का साफा पहनकर पहुंचे थे।
इतना ही नहीं खरगौन जिले के भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक जमुना सिंह सोलंकी का नंगे पांव पहुंचना चर्चा का विषय बना रहा। सोलंकी तर्क देते हैं कि उन्होंने चुनाव के दौरान प्रण किया था कि वे आजीवन नंगे पांव रहेंगे। उनका यह आशय जनता की सेवा से है। उस संकल्प के चलते ही वे सदन में नंगे पांव पहुंचे।
विधानसभा में पहुंचे बुजुर्ग विधायक जहां धोती-कुर्ता, पजामा-कुर्ता में नजर आए वहीं युवा विधायक रमेश भटेरे, राम किशोर कांवरे और गोविन्द सिंह राजपूत सूट पहनकर विधानसभा पहुंचे। इसके अलावा निर्वाचित होकर आई कई महिला विधायकों के पति भी सदन की कार्यवाही देखने पहुंचे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications