पाकिस्तान की राज्यीय ताकतों के इशारे पर ही हुआ मुंबई पर हमला : चिदंबरम
चिदंबरम ने कहा कि जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया गया उससे पता चलता है कि इसमें पाकिस्तान से इस तरह की गतिविधियां चलाने वाली राज्यीय ताकतें अथवा राज्य के तहत काम करने वाले तत्व शामिल थे।
उन्होंने कहा कि हमलावरों में इकलौते जिंदा बचे अजमल आमिर कसाब और उसके पिता का डीएनए परीक्षण करके इस बात की पुष्टि की जा सकती है कि वह पाकिस्तानी नागरिक है।
एनडीटीवी के कार्यक्रम 'वाक द टाक' में चिदंबरम ने कहा, "इस गतिविधि को किसी ऐसे व्यक्ति ने निर्देशित किया था जो या तो खुफिया विभाग से जुड़ा रहा हो या फिर कमांडो कार्रवाई से संबंधित हो। ऐसा व्यक्ति गैर राज्यीय नहीं हो सकता।"
चिदंबरम ने कहा, "मेरा मानना है कि इस ऑपरेशन में जिस तरह की संचार योजना, वित्तीय आवश्यकता आदि थी उसे बिना राज्यीय ताकतों की मदद के पूरा नहीं किया जा सकता। यह अत्यंत जटिल कार्रवाई थी।"
उन्होंने कहा कि इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि हमले की योजना पाकिस्तान में बनाई गई थी। इसका पूरा नियंत्रण और निर्देशन पाकिस्तान से किया गया था।
गत 26 नवंबर को मुंबई में अनेक स्थानों पर हुए भीषण आतंकवादी हमलों में 170 से अधिक लोग मारे गए थे, जिनमें 26 विदेशी थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications