किंगफिशर और जेट ने किराए घटाए
मुम्बई, 3 दिसंबरः विजय माल्या की किंगफिशर एयरलाइंस ने किराए में 21 से 65 फीसदी की कटौती कर दी है। यह कटौती बहुत से रूटों पर की गई है और यह गुरुवार से लागू हो गई।
किंगफिशर एयरलाइंस ने शुक्रवार को कहा कि बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने और यात्रियों को कम दरों पर फाइव स्टार हवाई यात्रा का अनुभव देने की दिशा में यह कदम बढ़ाया गया है।
इसके अलावा देश की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरलाइंस जेट एयरवेज ने सोमवार को घरेलू किराए में 40 फीसदी कटौती करने के बाद अब अंतरराष्ट्रीय किराए और विदेश यात्रियों के लिए विशेष टिकटों के दाम भी घटा दिए हैं।
जेट एयरवेज के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एटीएफ की कीमत में पिछले कुछ महीनों में हुई बड़ी कमी का फायदा यात्रियों को देने के लिए यह कदम उठाया गया है। ईटी ने शुक्रवार को सबसे पहले यह खबर अपनी साइट पर दी थी।
कंपनी का कहना है कि वह अपने पुराने कॉरपोरेट ग्राहकों को भी बड़े डिस्काउंट की पेशकश करेगी। किंग क्लब नाम से चल रहे फ्रीक्वेंट फ्लायर प्रोगैम के तहत किंगफिशर की हाल ही में लॉन्च की गई अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं में मुफ्त यात्रा जैसे ऑफर दिए जाएंगे।
माल्या ने कहा, 'हम बिक्री और हिस्सेदारी बढ़ाने पर जोर देंगे, जिससे फरवरी से अप्रैल के सीजन में हमें काफी फायदा होगा।' एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) के दाम पिछले कुछ महीनों में काफी कम हुए हैं।


Click it and Unblock the Notifications