'टॉप 50 कूलेस्ट देसीज' की सूची में मुंबई हमलों के पीिंड़त सबसे ऊपर
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 3 जनवरी(आईएएनएस)। उत्तरी अमेरिका में रहने वाले दक्षिण एशियाइयों को समर्पित लोकप्रिय कला एवं सांस्कृतिक वेबसाइट 'देसी क्लब़ कॉम' ने भारतीय सुरक्षा बलों और मुंबई आतंकवादी हमलों के पीड़ितों को अपनी 'टॉप 50 कूलेस्ट देसीज ऑफ 2008' सूची में सबसे ऊपर रखा है।
यह वेबसाइट कला और संस्कृति में खास दिलचस्पी रखने वाले दक्षिण एशियाइयों के बीच काफी लोकप्रिय है। वेबसाइट में लिखा गया है, "इस त्रासद घटना के सभी भुक्तभोगियों का नाम बताना संभव नहीं है, लेकिन जिस दिलेरी और धैर्य के साथ इन लोगों ने इस त्रासदी का सामना किया उसके लिए उनकी जितनी तारीफ की जाए कम है।"
वेबसाइट ने खासकर पुलिस अधिकारी हेमंत करकरे, अशोक कामटे, विजय सालस्कर, सीएसटी के कर्मचारी करमवीर सिंह कांग, मेजर संदीप उन्नीकृष्णन, गजेंद्र सिंह के नामों का जिक्र किया है।
इस सूची में दूसरे नंबर पर सुपर स्टार अमिताभ बच्चन हैं। वेबसाइट में कहा गया है कि बच्चन परिवार का हालिया उत्तरी अमेरिकी दौरा 'अनफॉरगेटेबल टूर' काफी लोकप्रिय रहा। जाने-माने लेखक और एनबीसी चैनल के प्रोड्यूसर कामरान पाशा को इसमें तीसरे स्थान पर रखा गया है। सर्वाधिक धैर्यवान लोगों की इस सूची में लेखिका और कार्यकर्ता अरुंधती राय चौथे स्थान पर हैं। इस सूची में संगीत निर्देशक ए़ आर. रहमान, लेखक सलमान रुश्दी, अभिनेता आमिर खान जैसी हस्तियां भी शुमार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications