इजरायली हमलों से ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा : हमास
काहिरा, 3 जनवरी (आईएएनएस)। फिलीस्तीनी आतंकवादी संगठन हमास के आध्यात्मिक नेता खालिद मिशाल ने शुकवार को कहा कि गाजा पर इजरायली हवाई हमलों से संगठन को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मिशाल ने 'अल-जजीरा' टीवी पर प्रसारित सीधे संदेश में कहा, "हमास को 'कम' 'बहुत ही कम' नुकसान पहुंचा है।"
सात दिन पूर्व शुरू हुए हमलों के बाद से दूसरी बार टीवी पर दिखे हमास के वरिष्ठ नेताओं में शुमार मिशाल ने कहा कि इजरायल हमास के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने में नाकामयाब रहा है।
सेना के प्रवक्ता ने बताया कि पिछले सप्ताह भर से इजरायली विमानों ने 700 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया है। जबकि हमास के सैंकड़ों रॉकेटों ने इजरायली ठिकानों को निशाना बनाया।
मिशाल ने कहा, "शत्रु गाजा पट्टी के बुनियादी ढांचे को नष्ट करने में कामयाब रहा लेकिन मैं दुनियाभर में फैले अपनी सभी लोगों को बताना चाहता हूं कि गाजा में प्रतिरोधक क्षमता अभी तक बरकरार है।"
मिशाल ने कहा, "हम जानते हैं कि हमारे संसाधन सीमित हैं लेकिन हमारी इच्छाशक्ति नहीं। हम लड़ाई के मैदान की चुनौतियों का सामना करने को तैयार हैं।"
इजरायली हवाई हमलों में अब तक 430 लोग मारे जा चुके हैं और 2200 घायल हुए हैं। इजरायली फौजे जमीनी हमले के लिए भी तैयार हैं।
मिशाल ने इजरायली सेना को जमीनी हमले के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा, "यदि ऐसा हुआ तो हम इजरायली सैनिकों को घर-घर की तलाशी लेकर खोज निकालेंगे और उसके बाद हमारे पास दूसरा,तीसरा या चौथा नहीं बल्कि कई शालित होंगे।" शालित इजरायली सैनिक है जो दो वर्ष से हमास की गिरफ्त में है।
मिशाल ने फिलीस्तीनी जनता से तीसरी बार विद्रोह करने को तैयार रहने को कहा।
इसबीच 'अल अरबिया' टीवी के अनुसार मिस्र गाजा में संघर्षविराम के लिए हमास के नेताओं के संपर्क में है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications