उत्तर भारत में जारी है ठंड और कोहरे का कहर, 50 से अधिक की मौत (राउंडअप)
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "कोहरे के कारण 20 घरेलू और आठ अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों में विलंब हुआ।"
कोहरे की मार रेल सेवाओं पर भी पड़ी है। लगभग 70 ट्रेनें तीन घंटे से अधिक विलंब से चल रही थीं। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में कोहरा अगले और कुछ दिनों तक छाया रह सकता है।
उत्तरप्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड की वजह से पिछले एक सप्ताह के दौरान 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।
शनिवार को एक सरकारी प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया, "पिछले सप्ताह राज्य के अस्पतालों में ठंड के कारण 50 से अधिक मौतें हुई हैं।"
उधर, शुक्रवार को आगरा में पारा लुढ़कर 3.6 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि लखनऊ में 4.4 और कानपुर में 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
बिहार में भी कंपकंपाने वाली ठंड का कहर जारी है। शनिवार को राजधानी पटना का पारा लुढ़ककर 7.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राज्य में घने कोहरे के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
पटना मौसम विभाग के प्रभारी निदेशक एस़ आई. लश्कर ने बताया, "शनिवार को पटना का न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19़ 1 तथा न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम का मिजाज अभी कुछ दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा।"
कोहरे का असर बिहार में रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। दानापुर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी रंजीत सिंह ने आईएएनएस को बताया कि कोहरे के कारण पटना से प्रतिदिन गुजरने वाली लगभग सभी 85 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देर से चल रही हैं।
इसके अलावा मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी कंपकपाने वाली ठंड जारी है। इन राज्यों में भी कई स्थानों पर कोहरे की वजह से रेल और विमान सेवाएं बाधित हुईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications