ब्रिटेन की पहली मस्जिद के जीर्णोद्धार पर खर्च होंगे 40 लाख डॉलर
वर्ष 1899 में निर्मित यह मस्जिद लिवरपुल में स्थित है। इस मस्जिद के जीर्णोद्धार में 40 लाख डालर की लागत आने की उम्मीद है। जीर्णोद्धार कार्य अगले महीने से शुरू हो जाएगा।
हालांकि मस्जिद में पिछले 100 सालों से भी अधिक समय से नमाज नहीं अदा की गई है, लेकिन इस ऐतिहासिक स्थल को अब्दुल्लाह कुलियम सोसायटी नामक एक निजी संस्था ने संरक्षित करने का निर्णय किया है।
हेनरी विलियम कुलियम नामक एक संपन्न व्यापारी ने इस्लाम धर्म अपनाने के बाद वर्ष 1899 में इस मस्जिद का निर्माण कराया था। इस्लाम धर्म अपनाने के बाद उन्होंने अपने नाम में अब्दुल्लाह जोड़ लिया था। वर्ष 1908 में उन्होंने विश्व भ्रमण पर जाने का निर्णय लिया। तभी से यह मस्जिद बंद पड़ी हुई थी।
लगभग 90 वर्षो बाद मोहम्मद अकबर अली नामक एक सेवानिवृत्त डॉक्टर ने इस ऐतिहासिक ढांचे को संरक्षित करने का निर्णय लिया और इसके लिए अब्दुल्लाह कुलियम सोसायटी की स्थापना की। अकबर अली फिलहाल 85 वर्ष के हैं।
अब्दुल्लाह कुलियम सोसायटी के वर्तमान अध्यक्ष गालिब खान को उम्मीद है कि छह महीने के भीतर मस्जिद का जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो जाएगा।
उन्होंने समाचार पत्र द इंडिपेंडेंट को बताया, "हमारे लिए यह स्थल एक धरोहर है। ब्रिटेन में इस्लाम की यह एक वास्तविक जन्मस्थली है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।