शोभराज के खिलाफ दर्ज हत्या का एक मामला फर्जी!
काठमांडू, 2 जनवरी (आईएएनएस)। ऐसे में जब नेपाल का सर्वोच्च न्यायालय अपराध गुरु चार्ल्स शोभराज की किस्मत का फैसला करने वाला है, उसके वकील ने दावा किया है कि शोभराज के खिलाफ दर्ज हत्या का एक अन्य मामला फर्जी है। वकील ने शोभराज के उस कथित शिकार के जिंदा होने की आशंका जाहिर की है।
इसी माह 13 तारीख को शोभराज के भाग्य का फैसला होने वाला है। उस पर 1975 में नेपाल में एक अमेरिकी सैलानी कोनी जो ब्रांजिच की हत्या करने का आरोप है। दिसंबर 1975 में काठमांडू घाटी में दो शवों की बरामदगी से सनसनी फैल गई थी। इसमें एक लाश ब्रांजिच की थी, जबकि एक लाश कनाडाई नागरिक लारेंट अरमांड कैरियर की बताई गई थी।
पुलिस का दावा है कि शोभराज ने ही लारेंट की भी हत्या की थी। शोभराज की नेपाली मंगेतर की मां और उसकी वकील शकुंतला थापा का कहना है कि शोभराज को लारेंट नामक जिस युवक का कातिल करार दिया जाता रहा है, वह जिंदा हो सकता है।
थापा ने कहा, "पुलिस कहती है कि इस लाश को अमेरिकी पर्यटक केंट सी आंशूट्ज ने पहचाना था। जब लाश पूरी तरह क्षत-विक्षत थी तो उसकी पहचान कैसे कर ली गई?" वे पुलिस के इस दावे को भी गलत बताती हैं कि कैरियर के भाई गिल कैरियर ने लाश की पहचान की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications