मुलायम सिंह और अनिल अंबानी रविवार को नेपाल में
काठमांडू, 3 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और जाने-माने उद्योगपति अनिल अंबानी रविवार को नेपाल के दौरे पर होंगे। अभिनेत्री-सामाजिक कार्यकर्ता शबाना आजमी भी अगले सप्ताह नेपाल के दौरे पर होंगी।
मुलायम सिंह के साथ उनकी पार्टी समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह भी नेपाल दौरे पर होंगे। मुलायम सिंह नेपाल के प्रथम राष्ट्रपति राम बरन यादव से मुलाकात करने वाले हैं। वे विदेश मंत्री उपेंद्र यादव और तराई इलाके के दूसरे कई महत्वपूर्ण नेताओं से भी मुलाकात करेंगे। वैसे, यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वे नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल से मिलेंगे या नहीं।
रविवार को उद्योगपति अनिल अंबानी भी नेपाल के दौरे पर होंगे। वे ऐतिहासिक पशुपतिनाथ मंदिर का दर्शन कर सकते हैं। इससे पहले उनकी पत्नी और पूर्व अभिनेत्री टीना अंबानी ने बालीवुड स्टार अमिताभ बच्चन, उनकी पत्नी जया बच्चन और पुत्र अभिषेक बच्चन के साथ इस मंदिर में पूजा की थी।
अगले सप्ताह बालीवुड अभिनेत्री शबाना आजमी भी नेपाल आएंगी। वे दक्षेस की सद्भावना दूत हैं और इसी संगठन के एक कार्यक्रम के सिलसिले में नेपाल आ रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications