पत्नी ने मंत्री पति पर दूसरी शादी रचाने का आरोप लगाया
पणजी, 3 जनवरी(आईएएनएस)। गोवा के पर्यटन मंत्री फ्रांसिस्को पचेको पर उनकी पत्नी ने दूसरी शादी रचाने का आरोप लगाया है। महिला ने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
फ्रांसिस्को उर्फ मिकी पचेको की पत्नी सारा ने कोवला पुलिस थाने और सालसेटे प्रखंड विकास कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पति पर दूसरी महिला के साथ शादी करने और उनका मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
सारा के मुताबिक मिकी ने वायोला पचेको नामक महिला के साथ शादी कर ली है। दोनों अब एक साथ रह भी रहे हैं। उन्होंने अपने दावे के पक्ष में वायोला के चुनाव पहचान पत्र की प्रति भी पेश की है, जिसमें मिकी पचेको को उसका पति बताया गया है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी उदय प्रभुदेसाई, जो घरेलू हिंसा कानून के तहत कार्रवाई करने को अधिकृत हैं, ने कहा है कि इस शिकायत के साथ ठोस सबूत पेश किए गए हैं। ऐसे में मामले को किसी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किए जाने का आधार बनता है। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications