श्रीलंकाई सेना ने किलीनोच्चि रेलवे स्टेशन पर कब्जा जमाया (लीड-1)
कोलंबो, 2 जनवरी(आईएएनएस)। श्रीलंका के तमिल विद्रोही संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के राजनीतिक गढ़ किलीनोच्चि के भीतरी इलाकों में सेंध लगाने में जुटी श्रीलंकाई सेना ने शहर के रेलवे स्टेशन पर कब्जा जमा लिया है।
रक्षा सूत्रों के मुताबिक सेना ने इस शहर को घेर लिया है और उसे रेलवे स्टेशन को विद्रोहियों से मुक्त कराने में कामयाबी मिल गई है। सेना को लिट्टे के कड़े प्रतिरोध का सामना करना पड़ा। सेना उत्तर, दक्षिण और पश्चिम दिशाओं से किलीनोच्चि के भीतरी हिस्से में पैठ बढ़ाने में सफल होती जा रही है। शुक्रवार दोपहर तक सेना का अभियान काफी रंग ला चुका था।
रक्षा मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है, "श्रीलंकाई सेना की 57 डिविजन किलीनोच्चि को आतंकवादियों के कब्जे से मुक्त कराने की मुहिम में लगी है।" अगर इस रणनीतिक इलाके पर सेना पूरी तरह काबिज हो जाती है तो इसे 13 वर्ष पहले जाफना की महत्वपूर्ण जीत के बाद सबसे बड़ी उपलब्धि माना जाएगा।
शुक्रवार सुबह रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की कि किलीनोच्चि शहर पर से लिट्टे का कब्जा जल्द खत्म होने वाला है, क्योंकि सेना को विद्रोहियों के खिलाफ रणनीतिक बढ़त मिल चुकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications