श्रीलंका में लिट्टे के एक प्रमुख ठिकाने पर सेना का कब्जा
कोलंबो, 1 जनवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका में तमिल विद्रोही संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के राजनीतिक गढ़ किलीनोच्चि को फतह करने की मुहिम को कामयाब बनाने के लिए आगे बढ़ रही सेना ने इस संगठन के एक प्रमुख रणनीतिक ठिकाने परानठान पर कब्जा जमा लिया है।
रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि सेना ने लिट्टे के जोरदार प्रतिरोध का सामना करते हुए इस ठिकाने पर कब्जा जमा लिया। बयान में कहा गया है, "परानठान लिट्टे का प्रमुख रणनीतिक ठिकाना रहा है। गुरुवार की सुबह सेना के टास्क फोर्स-1 ने एक भीषण संघर्ष के बाद इस ठिकाने पर कब्जा कर लिया। अब किलीनोच्चि को फतह करना आसान हो जाएगा।"
परानठान किलीनोच्चि से महज 4़5 किलोमीटर ही दूर है। जाफना-कैंडी ए-9 राजमार्ग पर स्थित इस इलाके को लिट्टे का प्रमुख गढ़ माना जाता रहा है। सैन्य सूत्रों के मुताबिक परानठान को फतह करने की मुहिम मंगलवार की सुबह शुरू हुई। इस सैन्य कार्रवाई में लड़ाकू विमानों का भी इस्तेमाल किया गया। परानठान पर वायुसेना की ओर से जोरदार बमबारी भी की गई।
सेना ने परानठान के आपूर्ति तंत्र को भी भंग कर दिया है। इस कार्रवाई में 50 विद्रोहियों के मारे जाने की खबर है, 100 से अधिक विद्रोही जख्मी भी हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications