असम विस्फोट : 5 मरे, 50 घायल (लीड-3)
इनमें एक विस्फोट उस मार्ग पर हुआ जिस रास्ते चिदंबरम राजभवन गए थे। केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक गुरुवार को गुवाहाटी पहुंचे। वे गुवाहाटी में शुक्रवार को यूनीफाइड कमांड हेडक्वार्टर्स की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। उनका अनौपचारिक रूप से मुख्यमंत्री तरुण गोगोई से भी मिलने की संभावना है।
असम पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "प्राथमिक जानकारी के अनुसार अभी तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है और लगभग 50 घायल हुए हैं।"
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, "दो धमाके शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में हुए जबकि तीसरा विस्फोट सड़क किनारे रखे एक कूड़ेदान में हुआ।"
पहला धमाका शाम साढ़े चार बजे बीरूबारी इलाके में एक कचराखाने में हुआ। दो अन्य धमाके भूतनाथ और भंगागढ़ के बाजारों में हुए। इन दोनों स्थानों पर साइकिलों में बम रखा गया था।
असम के पुलिस प्रमुख जी.एम. श्रीवास्तव ने कहा कि विस्फोट की प्रकृति के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि हमें संकेत मिले थे कि आतंकवादी 31 दिसंबर या 1 जनवरी की रात नव वर्ष मौके पर लोगों की भीड़ को निशाना बना सकते हैं लेकिन सुरक्षा बलों की मुस्तैदी की वजह से वे बम रखकर फरार हो गए।
असम पुलिस के उपमहानिरीक्षक जी. पी. सिंह ने आशंका जताई कि विस्फोटों के पीछे युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट आफ असम (उल्फा) का हाथ हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications