रीलंका में लिट्टे के प्रमुख ठिकाने पर सेना का कब्जा (लीड-1)
कोलंबो, 1 जनवरी (आईएएनएस)। श्रीलंकाई सेना ने गुरुवार सुबह तमिल विद्रोही संगठन लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के एक प्रमुख रणनीतिक ठिकाने परानठान पर कब्जा जमा लिया है। यह कस्बा लिट्टे के राजनीतिक ठिकाने किलिनोच्ची के काफी निकट है।
रक्षा मंत्रालय द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि सेना ने लिट्टे के जोरदार प्रतिरोध को समाप्त करके इस ठिकाने पर कब्जा जमा लिया। बयान में कहा गया है, "परानठान लिट्टे का प्रमुख रणनीतिक ठिकाना रहा है। गुरुवार की सुबह सेना के टास्क फोर्स-1 ने एक भीषण संघर्ष के बाद इस ठिकाने पर कब्जा कर लिया। अब किलिनोच्चि को फतह करना आसान हो जाएगा।"
परानठान किलिनोच्चि से महज 4़ 5 किलोमीटर ही दूर है। जाफना-कैंडी ए-9 राजमार्ग पर स्थित इस इलाके को लिट्टे का प्रमुख गढ़ माना जाता रहा है। सैन्य सूत्रों के मुताबिक परानठान को फतह करने की मुहिम मंगलवार की सुबह शुरू हुई। इस सैन्य कार्रवाई में लड़ाकू विमानों का भी इस्तेमाल किया गया। परानठान पर वायुसेना की ओर से जोरदार बमबारी भी की गई।
सेना ने परानठान के आपूर्ति तंत्र को भी भंग कर दिया है। इस कार्रवाई में 50 विद्रोहियों के मारे जाने की खबर है, 100 से अधिक विद्रोही जख्मी भी हुए।
श्रीलंकाई सेना की इस विजय से लिट्टे के अंतिम महत्वपूर्ण ठिकाने किलिनोच्ची पर कब्जा करने का रास्ता आसान हो जाएगा। लिट्टे ने सेना के विजय के दावे पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications