लश्कर ने किया 26/11 हमला
इस्लामाबाद, 31 दिसंबर: पाकिस्तान में अपनी जड़ें जमाये हुए आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने ही 26 नवंबर को मुंबई पर हमला किया था।
अमेरिकी मीडिया के मुताबिक पाक के सुरक्षा अधिकारी ने इस बातकी पुष्टि लश्कर के कमांडर जरार शाह द्वारा मुंबई हमले की जिम्मेदारी लेने के बाद की।
यही नहीं टेलीविजन न्यूज चैनल सीएनएन आईबीएन के मुताबिक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह स्वीकार कर लिया है कि मुंबई हमले में पाकिस्तान के आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का हाथ है।
सीएनएनआईबीएन के मुताबिक पाकिस्तान पीएमओ का कहना है कि आईएसआई के अधिकारी पकड़े हुए आतंकवादियों से गहन पूछताछ कर रहे हैं।
इसी महीने पाक अधीकृत कश्मीर से पकड़े गये लश्कर के कमांडर जरार शाह ने यह कबूल किया है कि मुंबई पर हुए हमले उसके संगठन की देन हैं। शाह ने लश्कर के अजमल आमिर कसाब समेत उन सभी लोगों के नाम बताये जिन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया।
अमेरिका की वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक पाकिस्तान के सुरक्षा अधिकारी ने शाह से मिली जानकारियों का खुलासा किया। शाह ने बताया कि मुंबई पर हमले के लिए दस आतंकवादियों को पाक अधीकृत कश्मीर में ट्रेनिंग दी गई।
उसके बाद सभी आतंकी समुद्री रास्ते से कराची से मुंबई गये। शाह ने बताया कि हमले से पहले सभी आतंकी कुछ हफ्ते कराची में रहे। यहां उन्हें मुंबई तक पहुंचने की ट्रेनिंग दी गई।


Click it and Unblock the Notifications