अब ज़मीनी कार्रवाई करेगा इजरायल

इससे पहले इजरायली लड़ाकू विमानों ने गाजा हमास के 40 ठिकानों पर बमबारी की जिसमें हमास नेता और पूर्व फिलीस्तीनी प्रधानमंत्री इस्माइल हनिया का कार्यालय भी शामिल है।
इजरायली सेना के वाहन, टैंक और बसों में सवार सैनिक दक्षिण की ओर इजरायल से लगते गाजा सीमा के निकट पहुंच रहे हैं।
शनिवार से जारी हमलों में अब तक लगभग 345 से अधिक फिलीस्तीनी नागरिक मारे जा चुके हैं। इसके अलावा 1600 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। मृतकों में दो इजरायली भी शामिल है।
इजरायल 19 दिसम्बर को समाप्त हुए संघर्ष विराम के बाद रॉकेट हमलों के जवाब में गाजा पट्टी में हमास के ठिकानों पर बमबारी कर रहा है।
इजरायली रक्षा मंत्री एहुद बराक ने रविवार को कहा कि गाजा पर हमला तब तक जारी रहेगा जब तक उनका लक्ष्य पूरा नहीं हो जाता। रविवार को संयुक्त सुरक्षा परिषद ने गाजा पट्टी में तत्काल संघर्ष खत्म करने की अपील की थी।


Click it and Unblock the Notifications