भाजपा मुख्यालय से गायब 2.60 करोड़ रुपये को लेकर रहस्य बरकरार
चोरी गई रकम के बारे में पूछे जाने पर भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने न तो इसकी पुष्टि की और न ही इसका खंडन किया। उन्होंने कहा, "हम पार्टी की लेखा पुस्तकों की जांच कर रहे हैं। पार्टी के कोषाध्यक्ष रामदास अग्रवाल की निगरानी में हिसाब किताब की जांच हो रही है।"
चोरी गई रकम के बारे में मीडिया में छपी खबरों को उन्होंने आधारहीन, अटकलबाजी और बढ़ा-चढ़ा कर पेश किया गया बताया।
ज्ञात हो कि क्रिसमस के दिन भाजपा के लेखापाल के कमरे से 2.60 करोड़ रुपये चोरी होने की खबर फैल गई थी। चोरी भी ऐसी हुई कि न तो ताला टूटा और न ही तिजोरी। कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों के बीच इन दिनों यह चर्चा का विषय बना हुआ है।
इससे पहले भाजपा के कार्यालय प्रभारी श्याम जाजू ने इन खबरों का खंडन किया। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "पैसे चोरी होने की खबर गलत है। ऐसा कुछ हुआ ही नहीं है।"
बहरहाल, इस बारे में पुलिस में भी कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। फजीहत से बचने और पैसे के स्रोत का खुलासा करने से बचने के लिए पार्टी ने इस मामले की जांच एक निजी खुफिया एजेंसी को सौंप दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications