येदियुरप्पा का दावा गलत निकला, भाजपा को 5 सीटों से ही संतोष करना पड़ा

येदियुरप्पा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा था, "तुरुवेक्करी सीट भी हमने जीत ली है। वहां फिर से मतगणना का काम चल रहा है। हम वहां भी जीत रहे हैं।"

तुरुवेक्करी में निर्वाचन अधिकारी ने पहले भाजपा उम्मीदवार की जीत की घोषणा की थी लेकिन जनता दल-सेक्युलर और कांग्रेस उम्मीदवारों द्वारा आपत्ति दर्ज कराने और फिर से मतगणना कराए जाने की मांग के बाद निर्वाचन आयोग ने घोषणा वापस ले ली।

पुनर्मतगणना में यह सीट जनता दल सेक्युलर के खाते में गई। चुनाव आयोग के मुताबिक भाजपा को पांच और जेडीएस को तीन सीटें मिली हैं।

आठों विधानसभा क्षेत्रों में मतगणना पूरी होने से काफी पहले ही येदियुरप्पा ने संवाददाता सम्मेलन बुलाया था और छह सीटों पर पार्टी की जीत की घोषणा कर डाली थी। उन्होंने जो अपना लिखित आधिकारिक बयान जारी किया उसमें भी भाजपा के खाते में छह सीटें दिखाई गई थी।

बहरहाल, पुनर्मतगणना में अपनी हार की खबर सुनकर भाजपा उम्मीदवार एम. डी. लक्ष्मीनारायण को दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें बेंगलूरु के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि येदियुरप्पा ने इस नतीजे को अप्रत्याशित बताया।

पांच सीटों पर जीत दर्ज कर प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा को पूर्ण बहुमत हासिल हो गया है। इस जीत के साथ ही अकेले के दम पर दक्षिण भारत में अपनी सरकार बनाने का भाजपा का सपना भी साकार हो गया है।

पांच सीटों पर जीत दर्ज करने के साथ ही 225 सदस्यीय राज्य विधानसभा में भाजपा के अब 115 सदस्य हो गए हैं। भाजपा के अभी तक 110 सदस्य थे और छह निर्दलीयों के सहारे उसकी सरकार बनी थी। छह में से पांच को राज्य सरकार में मंत्री बनाया गया था। निर्दलीयों को मिलाकर राज्य विधानसभा में सरकार के पक्ष में विधायकों का आंकड़ा 121 हो गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार मुख्य विपक्षी जेडीएस ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा ने कारवार, अराभावी, देवदुर्ग, डोडाबल्लापुर और हुक्केड़ी विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज की है।

जेडीएस के उम्मीदवार मधुगिरि, तुरुवेक्करी और मादुर विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल करने में कामयाब रहे।

कांग्रेस के तीन और जेडीएस के चार विधायकों के इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो जाने के कारण इन सीटों पर उपचुनाव हुए। एक सीट जेडीएस विधायक के निधन से खाली हुई थी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+