राष्ट्रपति कार्यालय से जरदारी के प्रधानमंत्री बनने के प्रयासों की खबरों का खंडन
इस्लामाबाद, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के राष्ट्रपति कार्यालय ने राष्ट्रपति जरदारी और प्रधानमंत्री गिलानी के बीच मतभेद बढ़ने और जरदारी के प्रधानमंत्री बनने के प्रयासों के बारे में एक प्रमुख अंग्रेजी दैनिक में प्रकाशित खबर का खंडन किया है।
मीडिया में प्रकाशित इस समाचार को हास्यास्पद और आधारहीन करार देते हुए राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि जरदारी न तो प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं और न ही प्रधानमंत्री के अधिकार हासिल करना चाहते हैं।
समाचार में कहा गया था कि प्रतिदिन के कामकाज में राष्ट्रपति कार्यालय के बढ़ते हस्तक्षेप से गिलानी का धर्य जवाब दे गया है। यही कारण है कि देश के दो शीर्ष पदों के बीच तनाव पैदा हो गया है।
इसके साथ ही सत्तारूढ़ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सदस्य का साक्षात्कार भी छपा था, जिसमें कहा गया था कि अपनी इच्छानुसार सरकार चलाने में जरदारी को काफी कठिनाई पेश आ रही है।
'द न्यूज' की रिपोर्ट में संपादक (खोजबीन)अंसार अब्बास ने कहा कि गिलानी का रुख कड़ा है और वे सरकार को वास्तव में एक प्रधानमंत्री के रूप चलाना चाहते है।
अज्ञात सूत्र के हवाले से कहा गया है कि मतभेद बढ़ने का एक कारण ब्रिटिश प्रधानमंत्री गार्डन ब्राउन की हाल की पाकिस्तान यात्रा भी रही, जब संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में गिलानी की बजाय राष्ट्रपति जरदारी ने पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया। अखबार के अनुसार गिलानी ने इस मामले को उठाते हुए जोर दिया कि प्रोटोकाल के अनुसार दोनों प्रधानमंत्रियों को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करना चाहिए।
इस बात के समाचार हैं कि जरदारी पूर्व सैनिक शासक परवेज मुशर्रफ के विवादास्पद 17वें संविधान संशोधन को समाप्त करवाकर प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। मुशर्रफ ने प्रधानमंत्री पद के सभी विशेषाधिकार राष्ट्रपति पद में समाहित कर दिए थे।
जरदारी जिन संवैधानिक प्रावधानों को समाप्त करना चाहते हैं उनमें सबसे महत्वपूर्ण है केवल स्नातकों को ही संसदीय चुनाव में भाग लेने की अनुमति देने वाला प्रावधान। क्योंकि जरदारी के पास केवल हाईस्कूल का ही प्रमाणपत्र है।
'द न्यूज' के अनुसार गिलानी और जरदारी के बीच तनाव के कारण प्रधानमंत्री पद से सीधे संबद्ध तीन महत्वपूर्ण अधिकारियों के पद महीनों से खाली हैं।
जरदारी खेमे के वफादार सिराज शम्सुद्दीन को प्रमुख सचिव पद से हटाने के तुरंत बाद एशियन डेवलपमेंट बैंक का कार्यकारी निदेशक बना दिया गया है। गिलानी सिराज के साथ काम करने में असुविधा महसूस कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications