नेपाल में नववर्ष के जश्न में मस्त हुए गुरुंग समुदाय के लोग
सुदेशना सरकार
काठमांडू, 30 दिसंबर (आईएएनएस)। दुनिया नए साल के स्वागत की तैयार को अंतिम रूप देने में व्यवस्त है, जबकि नेपाल का एक समुदाय अपना नववर्ष मनाने में मस्त है। गुरुंग समुदाय के लोग 30 दिसंबर को नववर्ष मनाते हैं।
नेपाल दुनिया का संभवत: एकमात्र देश है जहां साल में पांच बार नववर्ष मनाया जाता है। देश की सेना में खास दबदबा रखने वाले गुरुंग समुदाय का नया साल तामू लोसार उन तमाम इलाकों में मनाया जा रहा है, जहां इस समुदाय के लोग रहते है। नाच, गाने का आलम कई इलाकों में देखा जा सकता है। मौजमस्ती का रेला देर रात तक जारी रहता है। उनके पंचांग के मुताबिक वर्ष 2065 की शुरुआत हो गई है।
तामू लोसार के मौके पर नेपाल में सार्वजनिक छुट्टी होती है। प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल और राष्ट्रपति राम बरन यादव ने इस समुदाय के लोगों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी हैं।
नेपाल में एक कैलेंडर वर्ष में पांच नववर्ष मनाए जाते हैं। इनमें से तीन नववर्ष के मौके पर सरकारी छुट्टी होती है। फरवरी-मार्च में तिब्बती नववर्ष मनाया जाता है। वहीं अप्रैल में चंद्र पंचांग के मुताबिक एक और नववर्ष मानया जाएगा। इस देश में विक्रम संवत को आधिकारिक वर्ष का दर्जा मिला हुआ है। चार महीने बाद नेवार समुदाय का नववर्ष मनाया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।