झारखंड के हड़ताली डॉक्टरों के खिलाफ एस्मा लगाने की चेतावनी
रांची, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। झारखंड सरकार ने एक प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान के जूनियर डॉक्टरों को चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने अपनी हड़ताल समाप्त नहीं की तो उनके खिलाफ आवश्यक सेवा संचरण अधिनियम (एस्मा) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (आरआईएमएस) के जूनियर डॉक्टर बरियातू इलाके के निवासियों के साथ हुई मारपीट के बाद शनिवार से हड़ताल पर हैं।
मारपीट की घटना तब घटी, जब एक स्थानीय निवासी को एक डॉक्टर की गाड़ी ने धक्का मार दिया। इस मारपीट में कुछ डॉक्टरों सहित कुल 40 व्यक्ति घायल हो गए थे।
मीडिया खबरों के मुताबिक तीन दिनों की हड़ताल के दौरान अस्पताल में 13 रोगियों की मौत हो गई और करीब 400 रोगी इलाज के अभाव में आरआईएमएस में असहाय अवस्था में भटकते रहे। इस दौरान गरीब रोगियों की स्थिति सबसे बुरी रही।
दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन ने दावा किया है कि हड़ताल के बाद अस्पताल में एक भी मरीज की मौत नहीं हुई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सरकार ने सोमवार को अस्पताल प्रबंधन के साथ एक बैठक की और हड़ताल समाप्त न करने की स्थिति में जूनियर डॉक्टरों पर एस्मा लगाने की चेतवानी दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications