एमआईपी से ली गई चांद की हजारों तस्वीरें सार्वजनिक की जाएगी
नई दिल्ली, 30 दिसंबर(आईएएनएस)। ये तस्वीरें ऐसी है जिन्हें देखने की चाहत हर किसी को हो सकती है। चांद की सतह पर दस्तक देने वाले प्रथम भारतीय यंत्र मून इम्पैक्ट प्रोब(एमआईपी) ने चांद की जो हजारों तस्वीरें ली हैं, उन्हें जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।
चांद की सतह पर दस्तक देने वाले 35 किलोग्राम वजनी एमआईपी ने चांद की करीब 32,00 तस्वीरें खिंची हैं, लेकिन चंद तस्वीरें ही अभी तक सार्वजनिक हुई हैं। 14 नवंबर को चंद्रयान-1 से अलग होने के करीब 25 मिनट बाद एमआईपी ने रात को 8 बजकर 31 मिनट पर चांद की सतह पर उपस्थिति जताई। उस दिन यंत्र में फिट कैमरे ने चांद की कई तस्वीरें लीं।
उसी दिन भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन(इसरो) ने एमआईपी द्वारा ली गई कुछ तस्वीरें जारी कीं। इसके बाद कोई और तस्वीर जारी नहीं की गई। इसरो के अहमदाबाद स्थित स्पेस एप्लिकेशंस सेंटर में सेंसर डेवलपमेंट एरिया के उप निदेशक ए.एस. किरण कुमार ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "हम कुछ तस्वीरें पहले ही जारी कर चुके हैं, जबकि हमारे पास हजारों तस्वीरें हैं। चांद की 3,200 तस्वीरों को जारी किया जाना है, लेकिन इसके लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।"
किरण कुमार ने उस टीम का नेतृत्व किया था जिसने चंद्रयान में फिट होने वाले कैमरों में से एक टेरेन मैपिंग कैमरा का निर्माण किया। फिलहाल इसरो की फिजिकल रिसर्च लेबोरेटरी में इन तस्वीरों का विश्लेषण किया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications