बेंगलुरू में आतंकी समझ छात्र को मारा

सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक ब्रिगेडियर के आवासीय परिसर में घुसने पर पहले उसे पकड़ने की कोशिश की गई बाद में उससे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन वो दीवार फांद कर भागने के प्रयास करने लगा, जिस पर सेना के गार्ड ने उसे गोली मार दी।
उलसूर क्षेत्र के इंस्पेक्टर एमके थम्मैया ने इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 20 वर्षीय युवक का नाम मोहम्मद मुकर्रम था। उन्होंने बताया कि वो ओल्ड एयरपोर्ट रोड पर स्थित ब्रिगेडियर पीएस रवीन्द्रनाथ के आवासीय परिसर में घुस आया।
जब सेना के गार्ड ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वो पहले भागा और बाद में आत्मसमर्पण करने की जगह दीवार फांदने की कोशिश करने लगा, तभी संतरी ने उसे मार गिराया।
गोली लगने के बाद मुकर्रम को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक मोहम्मद मुकर्रम मध्यरात्रि को मोटरसाइकिल से जा रहा था। पुलिस ने उसे रुकने के लिए कहा, लेकिन उसने मोटरसाइकिल की रफ्तार और तेज कर दी। इसी क्रम में वह मध्यवर्ती जिले के पूर्वी हिस्से में उलसूर स्थित निषिद्ध रक्षा क्षेत्र में घुस गया। इसके पुलिस ने संतरी को अलर्ट कर दिया था।
उलसूर इलाके के पुलिस उपायुक्त बीके सिंह ने बताया, कि छात्र को रोकने के लिए सुरक्षाकर्मियों ने तीन चक्र हवाई फायरिंग भी की थी। लेकिन इसके बाद भी उसने आत्मसमर्पण नहीं किया। रक्षा अधिकारियों से मिली शिकायत के बाद अनधिकृत रूप से घुसपैठ का मामला दर्ज कर लिया गया है।
आर्मी ने दिये जांच के आदेश
आर्मी ने इस मामले पर जांच के आदेश जारी कर दिये हैं। जांच की जिम्मेदारी एक कर्नल को सौंपी गई है। अधिकारियों के मुताबिक जांच का सबसे बड़ा विषय यह है कि आखिर छात्र आर्मी के सुरक्षा प्रबंध को तोड़कर अंदर कैसे घुसा।
अन्य सुरक्षाकर्मी उस दौरान क्या कर रहे थे। यही नहीं इस मामले में कितनी सच्चाई है, इस बात की भी जांच की जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications