बॉर्डर पर पाक ने गश्त बढ़ाया

भारत ने जहां सेना के तीनों निकायों को सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिये हैं, वहीं पाकिस्तान ने राजस्थान सीमा रेंजर्स और आर्मी की गश्त बढ़ा दी है।
सरहद पर स्थित पाक चौकियां सेना के हवाले की जा चुकी हैं। पूर्व पाक प्रधानमंत्री ने भी जहां जरदारी के सुर में सुर मिला लिया वहीं, भारतीय वायुसेना के एक बड़े अफसर ने कहा कि हमने हमले के लिए पाकिस्तान में संभावित पांच हजार लक्ष्यों की पहचान कर ली है।
बीएसएफ के एडीजी यूके बंसल के मुताबिक सीमा पार पाक रेंजर्स के साथ फौज की हलचल को देखते हुए बीएसएफ को हाईअलर्ट कर दिया गया है। बंसल ने कहा कि सीमा चौकियों में नजर आ रही हलचल आमतौर पर नजर नहीं आती है। बंसन ने स्थिति को असामान्य करार दिया है।
बाड़मेर सेक्टर के पास सीमा पार सेना के जवान व रेंजर्स संयुक्त रूप से वाहन और कैमल पेट्रोलिंग कर रहे हैं। बंसल ने पाक सैन्य हलचल की जवाबी तैयारी पर कहा कि बीएसएफ पूरी तरह तैयार है। पाक की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
जवानों व अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सीमा पर बने बंकरों को भी दुरुस्त करवाया गया है। इंटेलीजेंस ब्यूरो के निर्देश मिलने के बाद सीमावर्ती इलाकों की पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।
आईजी राजीव शर्मा ने सीमावर्ती थानों को बीएसएफ के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही कहा कि पुलिस 24 घंटे चौकस रहे।


Click it and Unblock the Notifications