इंजीनियर हत्‍याकांड: बसपा विधायक गिरफ्तार

Engg Manoj Gupta (file photo)
लखनऊ, 25 दिसंबर: उत्तरप्रदेश लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिशासी अभियंता मनोज गुप्ता की हत्या के आरोपी बसपा विधायक शेखर तिवारी को बुधवार शाम कानपुर देहात में गिरफ्तार कर लिया गया।

राज्य सरकार ने दिवंगत अभियंता की पत्नी को सरकारी नौकरी व 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है। इस बीच राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को प्रदेश बंद का ऐलान किया है।

उत्तरप्रदेश के पुलिस महानिदेशक विक्रम सिंह ने लखनऊ में संवाददाता सम्मेलन में बताया कि विधायक शेखर तिवारी को शाम को कानपुर देहात जिले के रनिया इलाके से एक सेंट्रो कार से गिरफ्तार किया गया। शेखर तिवारी औरैया से बसपा विधायक हैं।

सिंह ने बताया बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है, जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में शिथिलता बरतने के आरोप में औरैया के दिबियापुर थाना-प्रभारी होशियार सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

दोषियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य आपराधिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

बचाव में सत्‍ता पक्ष

कैबिनेट सचिव शशांक शेखर सिंह ने बताया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी। सिंह ने साफ किया कि इस मामले से मुख्यमंत्री मायावती का कुछ भी लेना-देना नहीं है।

सिंह ने कहा कि प्रथम दृष्टया अभियंता मनोज गुप्ता की हत्या में विधायक शेखर तिवारी की संलिप्तता सामने आई है। कैबिनेट सचिव ने साफ किया कि मृतक का परिवार जिस भी एजेंसी से जांच करवाना चाहेगा, सरकार उसके लिए तैयार है।

उधर, प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने लखनऊ में पत्रकारों को बताया कि बुधवार तड़के विधायक अपने समर्थकों सहित मनोज को अधमरी अवस्था में लेकर दिबियापुर थाने पहुंचे। वहां उन्होंने मनोज गुप्ता पर दबंगई करने की थाना प्रभारी से शिकायत की। उसके बाद गंभीर रूप से घायल गुप्ता की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।

उधर मनोज के भाई शरद गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि विधायक ने मुख्यमंत्री मायावती के जन्मदिन के लिए चंदे के रूप में बड़ी रकम की मांग की थी। मनोज ने मांगी गई राशि दे पाने में असमर्थता जाहिर की तो विधायक ने उसकी हत्या करवा दी।

शरद के अनुसार विधायक ने छह महीने पहले भी मनोज से चंदे की मांग की थी। यह भी कहा जा रहा है कि विधायक शेखर तिवारी और मनोज गुप्ता के बीच पीडब्ल्यूडी के एक ठेके को लेकर तनातनी चल रही थी।

पुलिस के मुताबिक बसपा विधायक के समर्थकों ने अभियंता मनोज गुप्ता को मंगलवार देर रात उनके घर से अगवा कर लिया था। उन्होंने गुप्ता को किसी अज्ञात जगह ले जाकर उनकी बुरी तरह पिटाई की।

अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश्वर मिश्रा ने बताया कि बसपा विधायक शेखर तिवारी व उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

सपा का प्रदेश बंद का ऐलान

इसी बीच राज्य के प्रमुख विपक्षी दल सपा ने गुरुवार को उत्तरप्रदेश बंद का ऐलान किया है। समाजवादी पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि अभियंता की हत्या के विरोध में गुरुवार को सपा प्रदेशव्यापी बंद करेगी।

यादव ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। गुंडों और माफियाओं का राज कायम हो गया है। कांग्रेस महासचिव एवं उत्तरप्रदेश इकाई की प्रभारी ने पत्रकारों से कहा कि हर साल मायावती के जन्मिदन (15 जनवरी) के उपलक्ष्य में प्रदेश के उद्योगपतियों, व्यापारियों व अधिकारियों से धन उगाही की जाती है।

कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने कहा हत्या की इस घटना के बाद मायावती को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

उधर, उत्तरप्रदेश अभियंता संगठन ने घटना के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। संगठन के अध्यक्ष एक्यू फारुकी ने कहा है कि जब तक दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+