बयान से पलटे नवाज शरीफ

शरीफ अब कह रहे हैं कि यदि मुंबई आतंकवादी हमले में पाकिस्तानी धरती के इस्तेमाल के बारे में भारत सबूत दे तो वे स्वयं राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले शरीफ ने खुद कहा था कि पाकिस्तान सरकार अजमल कसाब के मामले में लीपापोती कर रही है और उसके घर पर घेराबंदी कर रखा है।
समाचार पत्र 'द न्यूज' ने बुधवार को खबर दी कि लाहौर स्थित पंजाब के मुख्यमंत्री के सचिवालय में क्रिसमस के मौके पर आयोजित समारोह के दौरान अपने संबोधन में शरीफ ने कहा कि उन्हें लगता है कि इन हमलों में पाकिस्तान सरकार का कोई हाथ नहीं है।
शरीफ के भाई शाहबाज शरीफ पंजाब के मुख्यमंत्री हैं। पूर्व प्रधानमंत्री ने भारत और पाकिस्तान दोनों के नेताओं को 'गैर जिम्मेदारना बयानबाजी' करने के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि इससे हालात और बिगड़ेंगे।
उन्होंने कहा, "अगर भारत सरकार के पास कोई सबूत नहीं है तो उसे झूठे आरोप लगाकर क्षेत्र में तनाव पैदा नहीं करना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के भविष्य के लिए यही बेहतर होगा कि वे अपने मतभेद बातचीत के जरिए सुलझाए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहता है और वह मुंबई हमलों के दोषियों को पकड़वाने में भारत की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।


Click it and Unblock the Notifications