विधायक के इशारे पर इंजीनियर की हत्या

Uttar Pradesh map
लखनऊ, 24 दिसंबर: उत्तरप्रदेश के औरैया जिले में सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी(बसपा) के विधायक शेखर तिवारी के समर्थकों ने उत्तरप्रदेश लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक अधिशासी अभियंता मनोज गुप्ता की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने बसपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

गुप्ता के परिजनों का आरोप है कि विधायक ने मुख्यमंत्री मायावती के जन्मदिन के लिए चंदे के रूप में बड़ी रकम की मांग की थी। गुप्ता ने मांगी गई राशि दे पाने में असमर्थता जाहिर की थी। यह भी कहा जा रहा है कि विधायक शेखर तिवारी और मनोज गुप्ता के बीच पीडब्ल्यूडी के एक ठेके को लेकर तनातनी चल रही थी।

पुलिस के मुताबिक बसपा विधायक के समर्थकों ने अभियंता मनोज गुप्ता को मंगलवार देर रात उनके घर से अगवा कर लिया था। उन्होंने गुप्ता को किसी अज्ञात जगह ले जाकर उनकी बुरी तरह पिटाई की।

गुप्ता को बुधवार तड़के दिबियापुर थाने के करीब बेहोशी की हालत में पाया गया। गंभीर रूप से घायल गुप्ता की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई।

अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश्वर मिश्रा ने बताया कि बसपा विधायक शेखर तिवारी व उनके दो समर्थकों के खिलाफ सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि शेखर तिवारी औरैया से बसपा विधायक हैं।

12 हजार कर्मचारी हड़ताल पर

इंजीनियर की हत्या के विरोध में उत्तरप्रदेश के लगभग 12,000 कर्मचारी एकजुट हो गए हैं और उन्होंने हड़ताल पर जाने की घोषणा की है।

इधर कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक भानु प्रताप ने बताया कि विधायक शेखर तिवारी की तलाश में तीन पुलिस टीमों को विभिन्न स्थानों पर भेजा गया है।

विपक्ष ने मोर्चा खोला

मायावती के जन्‍मदिन के लिए चंदे की डिमांड पर की गई इंजीनियर की हत्‍या के विरोध में अब विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने भी मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश में कानून व्‍यवस्‍था के जर्जर होने की बात का हवाला देते हुए सपा ने मुख्‍यमंत्री मायावती से इस्‍तीफे की मांग की है।

समाजवादी पार्टी ने एक विज्ञप्ति जारी करते हुए यह मांग की है। इस विज्ञाप्ति में सपा ने बसपा पर मायावती के जन्‍म दिन के लिए करोड़ों रुपए के चंदे की मांग किये जाने का आरोप लगाया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+