वीआईपी ड्यूटी नहीं करेंगे नये एनएसजी हब

आपात स्थिति में एनएसजी कमांडो को मौके तक पहुंचने में देर न हो इसलिए केंद्र सरकार मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और कोलकाता में एनएसजी हब स्थापित कर रही है। इन जगहों पर एनएसजी की क्षेत्रीय यूनिट स्थापित की जाएंगी।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने अंग्रेजी अखबार इक्नॉमिक टाइम्स से बातचीत में बताया कि देश में स्थापित हो रहे नये एनएसजी केंद्रों में तैनात होने वाले जवान सिर्फ आतंकवाद निरोधी ऑपरेशनों में लगाये जाएंगे।
अधिकारी के मुताबिक किसी भी वारदात में जरूरत पड़ने पर जवानों को समय से पहुंचने के लिए भारतीय वायुसेना का एक-एक विमान भी केंद्रों के लिए तैनात रहेगा।
एनएसजी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह सभी इंतजाम आपात स्थिति में मौके पर पहुंचे में लगने वाले समय में कटौती के लिए किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एनएसजी के लिए एक विमान दिल्ली में तैनात किया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications