कसाब का पत्र पुख्ता सबूत नहीं: पाक

पाकिस्तान मीडिया के मुताबिक वहां के विदेश मंत्रालय कसाब के पत्र को पुख्ता सबूत नहीं मानता है। कसाब द्वारा पाक निवासी होने की बात कबूल किये जाने और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बन रहे दबाव के बावजूद पाकिस्तान कड़ा रुख नहीं अपना रहा है।
पाकिस्तान के न्यूज चैनल 'डॉन न्यूज' की एक खबर में विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने कहा है कि कसाब को पाकिस्तानी सिद्ध करने के लिए भारत सरकार को और सबूत देने होंगे।
पाक विदेश मंत्रालय से यह खबर तब निकली जब भारत ने पाक राजदूत को कसाब द्वारा लिखा गया पत्र सौंपा। कसाब ने अपने पत्र में बताया है कि वो पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के फरीदकोट गांव का निवासी है।
पाकिस्तान दूतावास को लिखे गये पत्र में कसाब ने यह कबूल किया है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 26 नवंबर को मुंबई पर हमला किया।
उधर इसलामाबाद में बैठे आलाकमान अभी भी कसाब को पाकिस्तानी मानने से इंकार कर रहे हैं, जबकि कसाब के पिता ने इस बात की पुष्टि पाक मीडिया के सामने की है।
पाकिस्तानी मीडिया स्टिंग ऑपरेशन के जरिये कसाब के पैत्रिक निवास भी पहुंचा, लेकिन इसकी खबर के फैलते ही प्रशासन ने उस स्थान से मीडिया को दूर रखने के निर्देश जारी कर दिये।


Click it and Unblock the Notifications