अंतुले पर संसद में बयान देगी सरकार

विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी ने विपक्षी सांसदों को शांत करने की कोशिश करते हुए घोषणा की थी कि मंगलवार को एआर अंतुले के वक्तव्य पर सरकार बयान देगी.
मुंबई हमलों में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के प्रमुख हेमंत करकरे के मारे जाने के बारे में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री एआर अंतुले के बयान पर सोमवार को संसद के दोनों सदनों में भारी हंगामा हुआ था.
विपक्षी एनडीए सदस्य अंतुले के मामले पर गृहमंत्री पी चिदंबरम या प्रधानमंत्री से स्पष्टीकरण देने और अंतुले के इस्तीफ़े की मांग कर रहे थे.
अंतुले ने मीडिया में बयान दिया था जिसमें उन्होंने मुंबई आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे की मौत की परिस्थितियों पर हैरानी जताई थी.
उन्होंने कहा था कि ताज और ओबेरॉय की जगह करकरे को स्टेशन पर क्यों भेजा गया, इसकी जाँच होनी चाहिए. विपक्ष उसके बाद से ही अंतुले के इस्तीफ़े की माँग कर रहा है.
कांग्रेस ने अंतुले के बयान की सफ़ाई यह कहकर दी थी कि ये उनकी व्यक्तिगत राय है. इस्तीफ़े के बारे अंतुले का कहना था कि वे पार्टी के सिपाही हैं और पार्टी और सरकार के हित में जो कुछ भी ज़रूरी है, वह करने को तैयार हैं.
भारी आलोचना के बाद उन्होंने अपने इस्तीफ़े की पेशकश भी की थी.


Click it and Unblock the Notifications