इंटरपोल प्रमुख की चिदंबरम से भेंट, मुंबई हमलों की जांच में मदद का भरोसा (लीड-1)
चिदंबरम के साथ करीब घंटे भर चली बैठक के बाद नोबेल ने एक बयान जारी कर कहा, "भारत इंटरपोल का मजबूत भागीदार रहा है। इसलिए मुंबई हमलों की जांच में इंटरपोल भारत के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा।"
सूत्रों के मुताबिक नोबेल ने मुंबई हमले में मारे गए व पकड़े गए आतंकवादियों के नाम, फिंगर प्रिंट्स, डीएनए विवरण और फोटो इंटरपोल के वैश्विक डाटाबेस से तुलना कर उन्हें इंटरपोल के सदस्य देशों के बीच बांटने का प्रस्ताव भी चिदंबरम के सामने रखा।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "मुंबई हमले की जांच के संबंध में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को लेकर भी दोनों के बीच चर्चा हुई। नोबेल ने इस दौरान मुंबई हमलों में मारे गए आतंकवादियों के खिलाफ ब्लैक कार्नर नोटिस जारी करने का प्रस्ताव भी चिदंबरम के सामने रखा।"
नोबेल और उनकी टीम अब पाकिस्तान जाएगी। मुंबई हमलों के सिलसिले में वे पाकिस्तानी कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बातचीत करेंगे।
नोबेल ने शुक्रवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के मुख्यालय में स्थित इंटरपोल के राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो का दौरा भी किया था। उन्होंने सीबीआई के निदेशक अश्वनी कुमार से भी मुलाकात की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।