भारत के परमाणु संयंत्रों को लेकर चिंतित नहीं है अमेरिका
वाशिंगटन, 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका ने कहा है कि मुंबई के आतंकवादी हमलों के मद्देनजर वह भारत के परमाणु ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा को लेकर जरा भी चिंतित नहीं है।
मध्य एवं दक्षिण एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री रिचर्ड बाउचर ने पिछले सप्ताह बीजिंग में इस संबंध में कहा था कि परमाणु ऊर्जा संयंत्र कोई होटल नहीं होता और आप उसकी सुरक्षा अलग ढंग से करते हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या इन हमलों के बाद अमेरिका भारत में असैन्य परमाणु ऊर्जा के विस्तार को रोक सकता है, बाउचर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भारत में बनने वाले परमाणु ऊर्जा संयंत्र आसपास के वातावरण को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त सुरक्षा के साथ बनाए जाएंगे।
बाउचर का यह बयान गुरुवार को विदेश विभाग की ओर से जारी किया गया। इस बयान में कहा गया, "मुझे नहीं लगता कि मुंबई हमलों को परमाणु ऊर्जा संयंत्रों पर किसी संभावित खतरे से जोड़ा जा सकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*