यूरोपीय संसद ने असंतुष्ट चीनी हू जिया को सम्मानित किया
स्ट्रासबर्ग (फ्रांस), 18 दिसम्बर (आईएएनएस)। चीन की ओर से दी गई संबंध खराब होने की चेतावनी के बावजूद जेल में बंद चीनी मानवाधिकार कार्यकर्ता हू जिया को यूरोपीय संसद ने बुधवार को सखारोव पुरस्कार से सम्मानित किया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार हर वर्ष दुनिया भर से एक मानवाधिकार कार्यकर्ता को दिया जाने वाला सखारोव पुरस्कार इस बार जिया को उनकी अनुपस्थिति में दिया गया है।
चीन के साथ यूरोपीय संघ के संबंधों में खटास आने के बावजूद स्ट्रासबर्ग में पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया।
तिब्बतियों के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा की यूरोपीय संघ के अध्यक्ष एवं फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी के साथ पोलैंड में मुलाकात के कारण चीन ने इस महीने के आरंभ में प्रस्तावित ईयू-चीन शिखर सम्मेलन रद्द कर दिया था।
चीनी मानवाधिकार कार्यकर्ता की पत्नी जेंग जिनयान ने इस पुरस्कार के लिए इंटरनेट के माध्यम से यूरोपीय संसद और पश्चिमी देशों के समर्थकों को धन्यवाद दिया। जिनयान ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनके लिए नहीं वरन चीन के सभी मानवाधिकार समर्थकों के लिए है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।