समुद्री लूट के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने का भारत का प्रयास
संयुक्त राष्ट्र, 17 दिसम्बर (आईएएनएस)। सोमालिया तट पर समुद्री लूट की बढ़ती घटनाओं के प्रति चिंता जताते हुए भारत ने इसे रोकने के लिए अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने और उसे संस्थागत रूप देने का आग्रह किया है।
उधर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने मंगलवार को एक प्रस्ताव पारित करके देशों को सोमालिया तट पर समुद्री लूट रोकने के लिए त्वरित कार्रवाई करने के लिए अधिकृत कर दिया है। इस संबंध में इस वर्ष यह तीसरा प्रस्ताव है।
संयुक्त राष्ट्र में भारतीय राजदूत निरुपम सेन ने मंगलवार को कहा कि इस क्षेत्र में स्थित नौसेनाओं के बीच समन्वित कार्रवाई के साथ ही समुद्री लूट के खिलाफ एक स्थायी तंत्र की स्थापना भी जरूरी है। ताकि इस चुनौती से निपटा जा सके।
सोमालिया और समुद्री लूट पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक विशेष बैठक को संबोधित करते हुए सेन ने इस संबंध में एक संपर्क समूह स्थापित करने की अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस की घोषणा का स्वागत किया।
भारत ने सोमालिया तट पर समुद्री लूट से निपटने के किसी भी अंतर्राष्ट्रीय प्रयास में संयुक्त राष्ट्र की मजबूत भूमिका की मांग भी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।