एक्का को बर्खास्त करने की घोषणा शीघ्र : सोरेन
सोरेन ने संवाददाताओं द्वारा एक्का के भविष्य के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, "इस मामले में निर्णय ले लिया गया है। आप लोगों को एक-दो दिनों में जानकारी मिल जाएगी।"
एक्का ने मंगलवार को कहा था वे अपनी पार्टी के उम्मीदवार का नाम वापस नहीं लेंगे। सोरेन अगर चाहें तो वे उन्हें कैबिनेट से बर्खास्त कर सकते हैं। बुधवार को भी उन्होंने इस बात को दोहराया कि वे अपनी पार्टी के उम्मीदवार का नाम वापस नहीं लेंगे।
एक्का ने मंगलवार को कहा था, "तमार विधानसभा क्षेत्र उपचुनाव से अपनी पार्टी के उम्मीदवार का नाम वापस लेने का सवाल ही नहीं उठता। लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है।"
उल्लेखनीय है कि सोरेन फिलहाल विधायक नहीं हैं और 27 फरवरी तक विधानसभा के लिए उनका चुना जाना आवश्यक है।
सोरेन ने 12 दिसंबर को झारखंड मुक्ति मोर्चा के टिकट पर नामांकन भरा था। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन ने उन्हें अपना संयुक्त उम्मीदवार घोषित किया है।
तमार विधानसभा क्षेत्र जनता दल युनाइटेड (जद-यू) के विधायक और पूर्व मंत्री रमेश सिंह मुंडा के माओवादी हमले में मौत हो जाने के बाद से खाली है।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने यहां से रमेश सिंह मुंडा की विधवा बसुंधरा मुंडा को उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।