बिहार में पुलिस फायरिंग में 1 की मौत, 2 घायल (लीड-1)
पटना, 15 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के सीतामढ़ी जिले में सोमवार को पुलिस द्वारा चलायी गयी गोली में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। इधर, राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने पटना में कहा कि सीतामढ़ी में स्थिति नियंत्रण में है तथा तिरहुत प्रमंडल के पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) को सीतामढ़ी में कैम्प करने का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषी अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
इधर, सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजिताभ कुमार ने बताया कि टाउन थाना के थाना प्रभारी बी़ क़े प्रसाद को उनके पद से हटा दिया गया है।
पुलिस के अनुसार रविवार की रात एक कपड़ा व्यावसायी अनिल कुमार की हत्या अज्ञात अपराधियों ने उस समय गोली मारकर कर दी थी जब वे अपना दूकान बंद कर वापस घर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि इस हत्या के विरोध में सोमवार को सैकड़ों लोगों ने सीतामढ़ी के टाउन थाना परिसर में प्रदर्शन किया। आक्रोषित लागों ने प्रदर्षन के दौरान पुलिस पर जमकर रोड़ेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान पुलिस की एक जीप को आग के हवाले कर दिया तथा थाने के कागजात को भी नुकसान पहुंचाया।
तिरहुत प्रमंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अरविन्द पांडेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा की गई फायरिंग में घायल दो लोगों का इलाज सीतामढ़ी के सदर अस्पताल में करवाया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।