विस परिणाम दिल्ली : भाजपा के गढ़ राजेंद्र नगर में कांग्रेस की सेंध (लीड-1)
इस सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी रमाकांत गोस्वामी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी आशा योगी को पराजित किया है।
ज्ञात हो कि वर्ष 1993 से ही इस सीट से भाजपा के पूरणचंद योगी दिल्ली विधानसभा में प्रतिनिधित्व कर रहे थे। इस बार के चुनावों में भी वे इस सीट से भाजपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में थे। लेकिन मतदान से पहले ही उन्होंने आत्महत्या कर ली थी।
इसके बाद इस सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था। फिर से निर्धारित किए गए कार्यक्रम के तहत यहां 13 दिसम्बर को मतदान हुआ। भाजपा ने योगी की विधवा आशा योगी को चुनाव मैदान में उतारा। लेकिन इस बार इस सीट पर योगी की मौत की सहानुभूति का मुद्दा भी काम नहीं कर पाया।
इस सीट के साथ ही 70 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या 43 हो गई। जबकि, भाजपा के पास 23 विधायक हैं।
सोमवार को हुई मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी गोस्वामी ने भाजपा की आशा योगी को 5,406 मतों से पराजित किया। गोस्वामी को कुल 29,394 और आशा योगी को 23,988 मत हासिल हुए। जबकि, तीसरे नंबर पर रही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी त्रिलोक चंद शर्मा को 15,871 मत मिले।
दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता मेवाराम आर्य ने आईएएनएस को बताया कि राजेंद्र नगर सीट पर कांग्रेस की जीत कांग्रेस के पक्ष में चली लहर का परिणाम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।