बिहार में पुलिस फायरिंग में 1 मरा, 2 घायल
पटना, 15 दिसंबर (आईएएनएस)। बिहार के सीतामढ़ी जिले में सोमवार को पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई ,जबकि दो अन्य घायल हो गए।
कपड़ा व्यवसायी अनिल कुमार की रविवार रात हत्या किए जाने के विरोध में सोमवार को सैंकड़ों लोगों ने सीतामढ़ी के टाउन थाना परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान क्रुद्ध लागों ने पुलिस पर जमकर पथराव भी किया। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान पुलिस की एक जीप फूंक डाली और थाने के रिकार्ड को भी नुकसान पहुंचाया।
तिरहुत प्रमंडल के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अरविन्द पाण्डेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फायरिंग में घायल दो लोगों का इलाज सीतामढ़ी के सदर अस्पताल में करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी प्रारंभ कर दी गई है।
रविवार शाम दुकान बंद करके लौटते समय अनिल की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।