उमा भारती फिर बनीं भाजश की अध्यक्ष
विधानसभा चुनाव के दौरान उमा भारती ने अपनी पार्टी को राष्ट्रीय स्वाभिमान आन्दोलन का हिस्सा बनाने का ऐलान किया था और सारे निर्णय लेने का अधिकार आन्दोलन के संयोजक गोविन्दाचार्य को सौंपा था। विधानसभा चुनाव के बाद भाजश का पुनर्गठन किया गया है।
पार्टी ने जहां एक बार फिर उमा भारती को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है, वहीं संघप्रिय गौतम को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। अमर सिंह, विवेकशील शुक्ला व अनीता सिंह को महासचिव नियुक्त किया गया है। संजय शर्मा को कोषाध्यक्ष बनाया गया है वहीं प्रताप बनर्जी, इन्दर प्रजापति, प्रभात सिंह, लक्ष्मण तिवारी, टी़ गोहन तथा हरबल सिंह लोधी को सचिव बनाया गया है। अशोक त्रिपाठी को पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई का अध्यक्ष बनाया गया है।
भाजश की महिला इकाई भारतीय नारी शक्ति का अध्यक्ष कान्ति रावत मिश्रा को, भारतीय युवा शक्ति का अध्यक्ष विकास पंत तथा भारतीय किसान शक्ति का अध्यक्ष रामराव महाले को बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजश के पांच उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है, हालांकि खुद उमा भारती चुनाव हार गईं। नव निर्वाचित विधायकों की बैठक 20 दिसम्बर को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*