पाकिस्तान में भारतीय महिला जासूस गिरफ्तार : पाक अधिकारी
इस्लामाबाद, 13 दिसम्बर (आईएएनएस)। मुंबई हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में आए तनाव के बीच पाकिस्तानी अधिकारियों ने दावा किया है कि सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान की सीमा के निकट एक भारतीय महिला जासूस को गिरफ्तार किया है।
पाकिस्तानी गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि पिछले दो महीनों में दूसरे भारतीय जासूस को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले अक्टूबर में एक भारतीय जासूस को अफगान सीमा के निकट ही गिरफ्तार किया गया था।
अधिकारी ने नाम नहीं बताने की शर्त पर कहा कि खुफिया जानकारी के बाद बुर्का पहने हुई भारतीय महिला जासूस को गिरफ्तार किया गया। फिलहाल उसे इस्लामाबाद ले जाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
अधिकारी ने दावा किया कि उनके पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि पकड़ी गई महिला जासूस भारतीय नागरिक और भारत की एक प्रमुख खुफिया एजेंसी की कर्मचारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।