भाजपा नेताओं पर भारी पड़ी हेमामालिनी!
भोपाल 12 दिसंबर (आईएएनएस) बॉलीवुड की ड्रीमगर्ल हेमा मालिनी का जलवा आज भी बरकरार है। यह बात शुक्रवार को जम्बूरी मैदान में आयोजित शिवराज सिंह चौहान के शपथ ग्रहण समारोह में साबित भी हो गई। मंच पर हेमामालिनी के पहुॅचते ही पूरा आयोजन स्थल तालियों और सीटियों से गूंज उठा।
रवीन्द्र जैन के गीत संगीत और कला मंडलियों के कार्यक्रमों से शुरू हुए शपथ ग्रहण समारोह में लगभग साढ़े चार बजे नेताओं के पहुॅचने का सिलसिला शुरू हुआ। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी, भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह, मुरली मनोहर जोशी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंच पर पहुंचते और जनता का अभिवादन करते वक्त सिर्फ जिन्दाबाद के नारे सुनाई दिए।
कुछ देर बाद हेमामालिनी मंच पर क्या पहुंची कि हर तरफ से तालियों और सीटियों की गूंज सुनाई देने लगी।
भीड़ का उत्साह देखकर हेमामालिनी भी पीछे नहीं रही और उन्होंने जनता हाथ उठाकर कुछ इस तरह अभिवादन किया कि कार्यकर्ताओं का जोश दो गुना हो गया।
संभवत: इसे भाजपा नेता आडवाणी ने भी भांप लिया। यही कारण था कि शिवराज सिंह के शपथ लेने के बाद आडवाणी ने जनता का अभिवादन करने के लिए हेमा मालिनी को पीछे की कतार से आगे बुलाया।
इस आयोजन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इसके बावजूद कई बार अव्यवस्था फैल गई। कार्यकर्ता कुर्सियां ले लेकर भागते रहे और उन्हें रोकने के लिए पुलिस को भी हल्के बल का इस्तेमाल करना पडा। एक बार तो पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को कार्यकर्ताओं को अनुशासन में बने रहने का निर्देश भी देना पड़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**